
- मुंबई। मुंबई में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। इसके बावजूद निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने में मुंबई महानगरपालिका (मनपा) की ढिलाई पर सवाल उठ रहे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के पार दर्ज किया गया। कोलाबा के नेवी नगर में 22 से 24 नवंबर के बीच एक्यूआई क्रमशः 248, 266 और 222 रहा। मालाड और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
मनपा के दिसंबर 2024 के दिशा-निर्देशों के अनुसार, लगातार तीन दिन एक्यूआई 200 से अधिक रहने पर संबंधित क्षेत्र में निर्माण कार्य रोकने का प्रावधान है। इसके बावजूद अब तक प्रभावी प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। मनपा अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई से पहले 24 घंटे के औसत आंकड़ों की समीक्षा जरूरी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल के साथ वाहनों के धुएं और प्रदूषण के अन्य स्रोतों पर भी सख्ती जरूरी है। सवाल यह है कि नागरिकों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर मनपा आखिर कब ठोस कदम उठाएगी।
