- नर्मदा-तापी परियोजना के लिए 5,548 करोड़ मंजूर

- मुंबई । मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को हुई महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों के हित में कई अहम फैसले लिए गए। सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य के 33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को अगले तीन महीने तक मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया है। प्रत्येक व्यक्ति को हर महीने तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं मिलेगा।
मंत्रिमंडल ने नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी नदी जोड़ परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपए मंजूर किए। इसके तहत छह बैराज बनाए जाएंगे। इससे 26,526 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी और 11.50 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।
आर्थिक धोखाधड़ी करने वाली वित्तीय संस्थाओं के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए स्वतंत्र एमपीआईडी न्यायाधिकरण बनाया जाएगा। इन मामलों का निपटारा 90 दिनों में करना अनिवार्य होगा। राजस्व विभाग के अर्धन्यायिक मामलों के लिए ऑनलाइन केस मैनेजमेंट प्रणाली और ‘एक जिला, एक अपील’ व्यवस्था लागू होगी।
इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर, एसईबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थियों के छात्रावास, भोजन और आवास भत्ते में वृद्धि की जाएगी। शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को भी पंजीकृत वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
