- सूर्यकांत उपाध्याय

कल्प के अंत में महाप्रलय आया तो पूरी सृष्टि जलमग्न होने लगी। मूसलाधार वर्षा से नदियां, समुद्र, पर्वत, वन, नगर और असंख्य जीव-जंतु सब जल में समा गए। सूर्य, चंद्रमा और तारों का प्रकाश भी लुप्त हो गया। चारों ओर अंधकार और अथाह जलराशि दिखाई देने लगी।
उस समय महर्षि मार्कंडेय भगवान शिव और विष्णु की कृपा से दीर्घायु थे। लेकिन प्रलय के उस भयानक दृश्य में वे भी स्वयं को असहाय महसूस करने लगे। चारों ओर पानी ही पानी था। न कोई किनारा दिखाई देता था और न ही कोई आश्रय। लंबे समय तक जल में भटकने के बाद वे थकान, भूख और प्यास से व्याकुल हो गए। अंततः उन्होंने भगवान नारायण का स्मरण करते हुए प्रार्थना की, ‘हे प्रभु! इस अनंत प्रलय में मेरा कोई सहारा नहीं है। आप ही मुझे अपनी शरण में लीजिए।’
इसी दौरान उनकी नजर अथाह जलराशि के बीच खड़े एक विशाल, हरे-भरे वटवृक्ष पर पड़ी। प्रलय की प्रचंड लहरों का भी उस वृक्ष पर कोई प्रभाव नहीं था। उसकी एक शाखा पर हरे पत्ते के ऊपर एक अत्यंत सुंदर श्यामवर्ण बालक लेटा हुआ था। उसके चेहरे पर अद्भुत शांति और दिव्य मुस्कान थी। वह अपने पैर का अंगूठा हाथों से पकड़कर मुख के पास ले जा रहा था।
यह दृश्य देखकर मार्कंडेय ऋषि आश्चर्यचकित रह गए। वे बालक के निकट पहुंचे तो उसने एक गहरी सांस भीतर खींची। उसी क्षण ऋषि उस दिव्य शक्ति के प्रभाव से बालक के मुख में प्रवेश कर गए।
अंदर पहुंचकर उन्होंने जो देखा, उससे उनकी बुद्धि चकित रह गई। वहां प्रलय का कोई नामोनिशान नहीं था। पूरी पृथ्वी, पर्वत, नदियां, समुद्र, वन, नगर, सूर्य, चंद्रमा और तारों सहित संपूर्ण सृष्टि पहले की तरह विद्यमान थी। देवता, ऋषि और मनुष्य अपने-अपने कार्यों में लगे हुए थे। मार्कंडेय ऋषि को ऐसा लगा मानो वे संपूर्ण ब्रह्मांड में विचरण कर रहे हों। उन्होंने अनेक लोकों और भुवनों के दर्शन किए, लेकिन उस विराट संसार की सीमा उन्हें कहीं दिखाई नहीं दी।
कुछ समय बाद बालक ने सांस बाहर छोड़ी और मार्कंडेय ऋषि फिर उसी प्रलय के जल में आ गए। सामने वही वटवृक्ष और उस पर लेटा दिव्य बालक था। अब ऋषि समझ चुके थे कि यह कोई साधारण शिशु नहीं, बल्कि स्वयं भगवान विष्णु का दिव्य स्वरूप है। वैष्णव परंपरा में भगवान के इस रूप को ‘वटपत्रशायी’ कहा जाता है।
महर्षि मार्कंडेय ने हाथ जोड़कर भगवान को प्रणाम किया और उनकी स्तुति करने लगे। उन्हें अनुभव हुआ कि परमात्मा की शक्ति और माया अनंत है। मनुष्य अपने तप, ज्ञान और बुद्धि से चाहे जितना आगे बढ़ जाए, भगवान की लीला को पूरी तरह समझ पाना संभव नहीं है।
- संदेश : इस प्रसंग का गहरा संदेश है कि संसार परिवर्तनशील है। धन, पद, शरीर और सांसारिक वैभव स्थायी नहीं हैं। पूरी सृष्टि का अंत हो सकता है, लेकिन परमात्मा की सत्ता शाश्वत है।
