
- मुंबई । बच्चों में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और मानवीय संस्कारों के विकास के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन की ओर से 22 नवंबर को मुंबई महानगर और आसपास के पांच स्थानों पर क्षेत्रस्तरीय बाल संत समागम आयोजित किए गए। चेंबूर, वडाला, ठाणे, कोपरखैरने और भायंदर में हुए इन आयोजनों में हजारों बच्चों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समागमों में बच्चों ने भक्ति गीत, कविताएं, विचार, लघु नाटिकाएं और अभंग प्रस्तुत किए। हिंदी, मराठी, अंग्रेजी, पंजाबी, भोजपुरी, तेलुगु और बंजारा सहित विभिन्न भाषाओं में दी गई प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, विनम्रता, कृतज्ञता, पारिवारिक संस्कार और परमात्मा से जुड़ाव का संदेश दिया गया।

चेंबूर में निरंकारी प्रचारक भावेश अहिरे ने अभिभावकों से बच्चों की भावनाओं को समझने और उन्हें पर्याप्त समय देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और करियर के दबाव के बीच बच्चों की मानसिक एवं भावनात्मक जरूरतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
वडाला में सचिन अधाने ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता की शुरुआत घर से होती है। अभिभावकों को बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी भावनाओं और जरूरतों को समझना चाहिए। ठाणे में अमृत पाल ने बाल्यावस्था से ही सत्संग, सेवा और सिमरन के माध्यम से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने पर जोर दिया।
कोपरखैरने में पी.ए. कान्हा ने बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने, मधुर वाणी बोलने और मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सीख दी। वहीं, भायंदर में प्रो. अविनाश सालुंखे ने बच्चों को मिशन की आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराते हुए प्रेम, दया और सद्भावना अपनाने का संदेश दिया।

इन आयोजनों में चेंबूर और भायंदर में तीन-तीन हजार से अधिक, वडाला में लगभग 1,700, ठाणे में 1,500 से अधिक तथा कोपरखैरने में लगभग 1,200 से 1,400 श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित इन समागमों का संदेश रहा कि बच्चों की शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक और व्यावसायिक सफलता नहीं, अपितु उन्हें संवेदनशील, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाना भी है।
