- मुंबई पुस्तक महोत्सव में रोज हजारों की संख्या में पहुंच रहे हैं पुस्तक प्रेमी

- मुंबई । देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी ने नागरिकों से पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान अर्जित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने मुंबई पुस्तक महोत्सव में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या देखकर प्रसन्नता जताई और इसे पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने वाली अनूठी पहल बताया।

नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया की ओर से आयोजित छह दिवसीय मुंबई पुस्तक महोत्सव के दूसरे दिन अडानी ने कहा कि यहां पुस्तकों का विशाल भंडार है। बच्चे, विद्यार्थी और प्रत्येक नागरिक पुस्तकों से सीख लेकर देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद मराठे, मुख्य आयोजक अमित साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी, एस्पेक्ट ग्रुप के सीईओ मोहित कंबोज भारतीय, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक सुनील देशपांडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

ट्रस्ट के निदेशक युवराज मलिक ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य मुंबई में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। महोत्सव में आयोजित ‘जर्नलिज्म : वॉयस ऑफ द पीपल’ सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में पत्रकारिता का प्रभाव और दायरा बढ़ा है। मीडिया प्रोफेशनल देवता पाटिल के साथ संवाद में उन्होंने कहा कि पत्रकारिता ने भारतीय और वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावित करने में भूमिका निभाई है।
मुंबई विश्वविद्यालय परिसर में 29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 200 प्रकाशक और 600 से अधिक स्टॉल शामिल हैं। यहां लेखक संवाद, थीम आधारित प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव में प्रवेश निशुल्क है।
