- सुबह-रात हल्की ठंडक, विदर्भ में गिरेगा पारा; मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान
- मुंबई । मुंबई और ठाणे में फिलहाल सर्दी का खास असर दिखाई देने की संभावना नहीं है। सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम में जारी उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर को मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में मौसम शुष्क रहने के साथ गर्मी का असर बना रह सकता है। उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं महाराष्ट्र की ओर आ रही हैं, लेकिन तापमान में लगातार बदलाव के कारण ठंड का प्रभाव सीमित है।
मुंबई महानगर क्षेत्र में भी दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस होगा। दोपहर में गर्मी और उमस के बाद सुबह तथा रात में हल्की ठंडक रहेगी। ऐसे में नागरिकों को बदलते मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने की जरूरत है।
दूसरी ओर, विदर्भ के कुछ हिस्सों में ठंड बढ़ने के संकेत हैं। यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से पारा 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, नासिक, धुले और नंदुरबार में अधिकतम तापमान बढ़ने का अनुमान है।
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम के अलग-अलग रुख को देखते हुए नागरिकों को तापमान में होने वाले बदलाव पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
