- सिजेरियन की बढ़ती दर के बीच सुरक्षित सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने की पहल

- मुंबई । देश में सिजेरियन प्रसव के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई के सायन स्थित लोकमान्य तिलक महानगरपालिका अस्पताल ने सामान्य प्रसव को प्रोत्साहित करने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अस्पताल में जुलाई 2023 से लागू ‘सायन मॉडल’ के तहत जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच प्रसव प्रेरित करने वाली 478 गर्भवती महिलाओं में से 350 का सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराया गया। इस तरह सफलता की दर 73.22 प्रतिशत रही।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़ों के अनुसार, देश में सिजेरियन प्रसव की दर 27.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है। निजी अस्पतालों में यह आंकड़ा 54.1 प्रतिशत, जबकि सरकारी अस्पतालों में 16.9 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सितंबर 2026 तक संस्थागत प्रसवों में लगभग 48 प्रतिशत मामले सिजेरियन के रहे हैं।
प्रो. डॉ. निरंजन चव्हाण द्वारा विकसित इस मॉडल में अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा दिशानिर्देशों के अनुसार गर्भवती महिलाओं की निगरानी की जाती है। इसमें गर्भस्थ शिशु की हृदय गति पर लगातार नजर रखने, प्रत्येक छह घंटे में प्रसव की प्रगति की समीक्षा करने और विशेष तकनीकों के माध्यम से सामान्य प्रसव को सुगम बनाने पर जोर दिया जाता है।
राज्य सरकार द्वारा सिजेरियन प्रसव का ऑडिट अनिवार्य किए जाने के बीच सायन मॉडल की सफलता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह पहल अनावश्यक सिजेरियन ऑपरेशन को कम करने के साथ मां और शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने का प्रभावी विकल्प बन रही है।
