- फवाद खान और माहिरा खान की ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर बढ़ा विवाद

- मुंबई । पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज और फिल्मों को भारत में प्रसारित करने के मामले में केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित किसी भी सामग्री को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने को कहा है। यह निर्देश पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर उठे विवाद के बीच आया है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस सीरीज में पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद और हानिया आमिर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसका पहला भाग 4 दिसंबर 2026 को वैश्विक स्तर पर रिलीज होने वाला है। सीरीज के भारत में प्रसारित होने की आशंका को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें मिली थीं।
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दिए गए उस आश्वासन की भी याद दिलाई है, जिसमें कंपनी ने कहा था कि भारत में पाकिस्तानी मूल की कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
इस बीच, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में रिलीज रोकने और पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री पर स्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग की है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
फिलहाल नेटफ्लिक्स ने भारत में इस सीरीज की उपलब्धता को लेकर कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
