- हस्ताक्षरम् के वार्षिकोत्सव में कवियों ने प्रस्तुत कीं अपनी रचनाएं

- भाईंदर। साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था हस्ताक्षरम् का वार्षिकोत्सव साहित्यिक उत्साह और रचनात्मकता के बीच आयोजित किया गया। अमर ज्योति विद्यालय, भाईंदर-पूर्व में हुए इस आयोजन में साहित्य जगत की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण संस्था की सचिव डॉ. मृदुल ‘महक’ के ग़ज़ल संग्रह ‘ख्वाहिशें’ का विमोचन रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अरुण दूबे ‘अविकल’ की सरस्वती वंदना से हुआ। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. लक्ष्मण शिवणेकर ने अध्यक्षता की, जबकि वरिष्ठ ग़ज़लकार एन. बी. सिंह ‘नादान’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उमेश मिश्रा ‘प्रभाकर’ और राजेश ‘अल्हड़ असरदार’ ने संयुक्त रूप से संचालन किया। मंचासीन अतिथियों ने ‘ख्वाहिशें’ का लोकार्पण करते हुए डॉ. मृदुल ‘महक’ को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में साहित्य और कला के क्षेत्र में योगदान के लिए कई विभूतियों को सम्मानित किया गया। नागपुर के रामकृष्ण सहस्रबुद्धे को महाराष्ट्र गौरव सम्मान, बी. बी. चौबे ‘रसिक’ को साहित्य रत्नाकर सम्मान, ओमप्रकाश तिवारी को साहित्य रत्न सम्मान, अमरनाथ द्विवेदी को श्रीकृष्ण द्वैपायन वेदव्यास सम्मान तथा रामजीत गुप्ता को संगीत पुरोधा सम्मान प्रदान किया गया।
काव्य सत्र में किरण चौबे, डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय, विमलेश झा, अनुज वर्मा, अनिल गौड़, माताकृपाल उपाध्याय, शिवनारायण यादव, सूर्यकांत शुक्ला, विकास कुमार सिंह, अमित कुमार, संदीप प्रजापति, जवाहरलाल निर्झर, कल्पेश यादव, श्रुति भट्टाचार्य, जयमाला राय, अर्चना झा, राघव दूबे, सदाशिव चतुर्वेदी ‘मधुर’, प्रमोद ‘पल्लवित’, लक्ष्मी यादव ‘तेजस्विनी’ सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
वंदना दूबे, स्वदेश पाण्डेय, सुशील तिवारी, सारिका सिंह, पूनम त्रिपाठी और संकठा प्रसाद तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संस्था अध्यक्ष वाचस्पति तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
