- नासिक । वर्ष 2027 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत नासिक के प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद करने की योजना बनाई जा रही है। दर्शनपथ का निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास महामंडल (एमएसआईडीसी) ने 1 दिसंबर से मंदिर को लगभग ढाई महीने तक बंद रखने का प्रस्ताव दिया है।

प्रस्ताव के मुताबिक, इस अवधि में श्रद्धालुओं के लिए नियमित, सशुल्क और विशेष दर्शन की सुविधा बंद रखी जाएगी। हालांकि, मंदिर की दैनिक पूजा-अर्चना जारी रहेगी। इसके लिए पुजारियों को सुरक्षित मार्ग से मंदिर में प्रवेश देने की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है।
इस बीच, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंदिर बंद रखने के संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। नाशिक के जिलाधिकारी, कुंभ मेला प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन की संयुक्त समीक्षा के बाद ही इस पर फैसला होगा।
दूसरी ओर, त्र्यंबकेश्वर देवस्थान ट्रस्ट ने भी कहा है कि मंदिर बंद करने का अधिकार उसके पास नहीं है। इस संबंध में अंतिम निर्णय कुंभ मेला प्राधिकरण और प्रशासन को लेना है। यदि मंदिर बंद रखने का फैसला होता है तो श्रद्धालुओं को कम से कम आठ दिन पहले इसकी सूचना दी जाएगी।
