- मुंबई। एकल माताओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का सफर आसान बनाने और उन्हें आर्थिक, सामाजिक एवं भावनात्मक चुनौतियों से उबरने में मदद करने के लिए महाराष्ट्र सरकार विशेष समुपदेशन पहल शुरू कर रही है। इसके तहत राज्य के 1,238 अनुदानित महाविद्यालयों में एक-एक समुपदेशक नियुक्त किया गया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने गुरुवार को ‘एकल पाल्य समुपदेशन’ अभियान के पोस्टर का अनावरण किया।

मंत्री पाटिल ने बताया कि समुपदेशक विद्यार्थियों की समस्याएं समझने, उन्हें सरकारी योजनाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देने और जरूरत के अनुसार मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का काम करेंगे। डॉ. हेमलता बागला की अध्यक्षता वाली समिति ने इस संबंध में अपनी सिफारिशें सरकार को सौंपी हैं। साथ ही, ऐसे विद्यार्थियों की संख्या और उनकी जरूरतों का पता लगाने के लिए राज्यव्यापी सर्वेक्षण भी किया जा रहा है।
इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए 27 नवंबर को पुणे में मास्टर ट्रेनर्स की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स सभी 1,238 कॉलेजों के समुपदेशकों को प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भावनात्मक संबल, आत्मविश्वास और सुरक्षित एवं समावेशी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
