- मुंबई । महाराष्ट्र में सरकारी कामकाज को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए राज्य सरकार ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में नई पहल की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 174 डिजिटल सेवाओं और प्रणालियों का शुभारंभ करते हुए ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ की ओर कदम बढ़ाया। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक नागरिकों को पूरी तरह डिजिटल और सुविधाजनक प्रशासन उपलब्ध कराना है।

शुरू की गई सेवाओं में मैत्री 2.0 की 76, आपले सरकार 2.0 की 74 और महाडीबीटी 2.0 की 24 सेवाएं शामिल हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने, एक ही दस्तावेज कई बार जमा करने और अनावश्यक शपथपत्र बनवाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत पेंशनधारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मोबाइल के जरिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने की सुविधा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए 1,129 प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई है, जिनमें से 397 का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा 350 सेवाओं को सरल बनाया गया है और दस्तावेजों की जरूरत 50 प्रतिशत से अधिक घटाई गई है।
सरकार का मानना है कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लालफीताशाही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही नागरिकों को सरकारी सुविधाओं का लाभ घर बैठे मिल सकेगा।
