- मुंबई । महाराष्ट्र में सूखे और जलसंकट की आशंका के बीच राज्य सरकार पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने स्पष्ट किया है कि गाड़ियां धोने के लिए पीने के पानी का इस्तेमाल करने वाले वॉशिंग सेंटरों को बंद कराया जाएगा। ऐसे सेंटरों को अन्य जलस्रोतों से पानी लेने की छूट रहेगी। इसके लिए सरकार जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगी।

बावनकुले ने बताया कि सूखा प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारा छावनियां शुरू करने का अधिकार जिलाधिकारियों को दिया गया है। पहले चरण में सोलापुर और धाराशिव में ऐसी व्यवस्था की जाएगी। बीड और लातूर में भी हालात पर नजर रखी जा रही है। जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी के टैंकरों की मंजूरी भी जिलाधिकारी दे सकेंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 22 लाख ऐसे किसानों का पंजीकरण कर उन्हें विशिष्ट किसान पहचान क्रमांक दिया जाएगा, जो विभिन्न श्रेणियों की जमीनों पर खेती कर रहे हैं। इससे उन्हें सरकारी राहत योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं, किसानों और महिला बचत समूहों को ठगने वाली फर्जी फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
