■ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का समीक्षा बैठक के बाद निर्णय
- ठाणे। ठाणे की घोड़बंदर रोड पर लंबे समय से जारी जाम की समस्या से परेशान नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आदेश दिया है कि इस मार्ग पर भारी वाहन केवल आधी रात के बाद ही चल सकेंगे।

सोमवार देर रात शिंदे ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसी दौरान यह निर्णय लिया गया ताकि सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य पूरा होने तक आम लोगों को सुगम यातायात मिल सके।
निर्देशों के अनुसार जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट से घोड़बंदर की ओर जाने वाले ट्रकों को आधी रात से पहले सड़क पर नहीं उतारा जाएगा। इसके लिए शिंदे ने सीधे जेएनपीटी के प्रबंध निदेशक को आदेश जारी किए।
शिंदे ने बैठक में कहा, ‘स्थानीय निवासी लंबे समय से भीषण जाम की समस्या झेल रहे हैं। जब तक सड़क का काम पूरा नहीं होता, सख्त यातायात प्रबंधन जरूरी है।’
आदेश के पालन की निगरानी के लिए ठाणे जिला कलेक्टर को समन्वय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह समिति ठाणे महानगरपालिका, नवी मुंबई पुलिस, पालघर प्रशासन, मीरा-भाईंदर पुलिस और अन्य निकायों के साथ मिलकर काम करेगी।
Thanks for this news ..keep updating regularly.