● फिलहाल स्वास्थ्य ठीक, अफवाहों का खंडन

वृंदावन। विख्यात संत प्रेमानंद महाराज ने अपने स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का खंडन किया है। हाल के दिनों में इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें आईसीयू में भर्ती बताया गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराज ने स्पष्ट कहा कि वे पूर्णतः सचेत और एकांतिक वार्ता में हैं।
उन्होंने कहा, ‘मेरे बारे में जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूर्णतः असत्य हैं। लोग बिना सत्य जाने झूठ फैला रहे हैं और यह कलियुग का बड़ा दोष है।’ उन्होंने समाज से आग्रह किया कि वे झूठी खबरों और अफवाहों से दूर रहें तथा सत्य के मार्ग पर चलें।
अपने स्वास्थ्य का उल्लेख करते हुए महाराज ने अद्भुत संतुलन और सहजता के साथ कहा, ‘अब स्वास्थ्य क्या ही ठीक होगा, दोनों किडनी फेल हैं। मगर भगवान की कृपा है कि अभी आपसे मिल सकता हूं, बात कर सकता हूं। ठीक क्या होना है, आज नहीं तो कल जाना ही है। भगवान चाहें तो मरे को भी जिंदा कर दें।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरी आशा तो अब नहीं रही क्योंकि दोनों किडनी फेल हैं। प्रेमानंद चला जाएगा पर राधा नाम रहेगा।’

महाराज के इन वचनों ने उनके अनुयायियों को भावविभोर कर दिया। भले ही उनका स्वास्थ्य गंभीर है पर उनकी वाणी में संयम, श्रद्धा और भक्ति की गहराई झलकती है। उनका यह संदेश केवल उनके भक्तों के लिए नहीं बल्कि समूचे समाज के लिए एक प्रेरणा है कि जीवन की अंतिम घड़ी में भी सत्य, आस्था और प्रेम ही सर्वोच्च हैं।

हम सभी प्रेमानंद महाराज जी के स्वस्थ होने एवं दीर्घायु होने की प्रार्थना करते हैं।