■ मुंबई, अहमदाबाद, गोवा (उत्तर-दक्षिण), कन्नड़ और बेंगलुरू का भी नाम

● मुंबई।
आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के अनुसार भारत का सबसे समृद्ध जिला तेलंगाना का रंगारेड्डी है, जहाँ प्रति व्यक्ति जीडीपी लगभग 11.46 लाख रुपये दर्ज की गई है। आईटी सेक्टर, बायोटेक-फार्मा उद्योग और श्रेष्ठ कनेक्टिविटी ने इस जिले को शीर्ष स्थान दिलाया है।

समृद्ध जिलों की सूची में हरियाणा का गुरुग्राम भी शामिल है। लग्जरी मॉल्स, कॉर्पोरेट कल्चर और आधुनिक जीवनशैली के कारण इसका प्रति व्यक्ति जीडीपी 9.05 लाख रुपये है। सुल्तानपुर नेशनल पार्क जैसे आकर्षण इसकी पहचान को और समृद्ध करते हैं।

तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश का गौतम बुद्ध नगर (नोएडा–ग्रेटर नोएडा) है, जहाँ औसत प्रति व्यक्ति जीडीपी 8.48 लाख रुपये है। आधुनिक अवसंरचना, विस्तृत हरियाली और मनोरंजन स्थलों जैसे वर्ल्ड्स ऑफ वंडर, ओखला बर्ड सैंक्चुरी ने इसे तेजी से विकसित क्षेत्र बनाया है।

कर्नाटक का बेंगलुरु अर्बन जिला 8.03 लाख रुपये प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ शीर्ष जिलों में शामिल है। ‘भारत की सिलिकॉन वैली’ कहलाने वाला यह शहर तकनीक, नवाचार और नैसर्गिक सौंदर्य का अनूठा संगम है।
हिमाचल प्रदेश का सोलन जिला 8.10 लाख रुपये प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ सूची में चौथे स्थान पर है। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण के कारण इसे ‘भारत का मशरूम शहर’ भी कहा जाता है।

गोवा के उत्तर और दक्षिण दोनों जिले 7.63 लाख रुपये प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ इस सूची में शामिल हैं। उत्तर गोवा का पार्टी माहौल और दक्षिण गोवा की शांत अनुभूति इसे देशी-विदेशी पर्यटकों का पसंदीदा केंद्र बनाती है।
सिक्किम के गंगटोक, नामची, मंगन और ग्यालशिंग जिलों का प्रति व्यक्ति जीडीपी 7.46 लाख रुपये है। बर्फीले पर्वत, प्राचीन मठ और नाथुला पास जैसे आकर्षण इसे देश के सबसे शांत और सुंदर क्षेत्रों में रखते हैं।
कर्नाटक का दक्षिण कन्नड़ (मंगलूरू) जिला 6.69 लाख रुपये प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ सूची में है। समुद्री तट, ऐतिहासिक मंदिर और तटीय व्यंजन इसकी खास पहचान हैं।

आर्थिक राजधानी मुंबई का औसत प्रति व्यक्ति जीडीपी 6.57 लाख रुपये है। फिल्म उद्योग, ऐतिहासिक विरासत और मरीन ड्राइव जैसे दर्शनीय स्थल इसे देश का सांस्कृतिक केंद्र बनाते हैं।
गुजरात का अहमदाबाद जिला 6.54 लाख रुपये प्रति व्यक्ति जीडीपी के साथ सूची में शामिल है। यह भारत का पहला यूनेस्को विश्व धरोहर शहर है और उद्योगों का प्रमुख केंद्र भी।
