
मुंबई।
आग की घटनाओं से बचाव और प्राथमिक सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मुंबई अग्निशमन दल ने ‘अग्निसुरक्षा जनजागृति वाहन’ शुरू किया है। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी ने 16 दिसंबर को इस विशेष वाहन का निरीक्षण किया।
यह वाहन स्कूलों, अस्पतालों, मॉल्स, औद्योगिक व वाणिज्यिक परिसरों तथा घनी आबादी वाले इलाकों में जाकर आग से पहले की सावधानियों, आग लगने पर सही प्रतिक्रिया और आपात स्थिति में त्वरित सहायता से जुड़ी जानकारी देगा। नागरिकों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी और अग्निसुरक्षा नियमों के पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
डॉ. जोशी ने कहा कि प्रत्यक्ष संवाद और प्राथमिक बचाव प्रशिक्षण के जरिए नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना समय की जरूरत है। प्रमुख अग्निशमन अधिकारी रविंद्र आंबुलगेकर ने बताया कि नववर्ष समारोहों को देखते हुए 22 से 28 दिसंबर 2025 के बीच विशेष अग्निसुरक्षा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य मुंबई में अग्निसुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।
