- दाल-चावल, नूडल्स, सिलेंडर और मसालों तक का जखीरा बरामद

● श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान समर्थित जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। घने जंगलों में लंबे समय तक छिपकर रहने की तैयारी के तहत बनाया गया पुख्ता बंकर काउंटर टेरर ऑपरेशन में ध्वस्त कर दिया गया। बंकर को बाहर से पत्थरों से ढककर इस तरह छिपाया गया था कि वह प्राकृतिक संरचना जैसा दिखे।
कार्रवाई के दौरान आतंकियों के ठिकाने से महीनों का राशन और रोजमर्रा का सामान बरामद हुआ। इसमें करीब 50 पैकेट नूडल्स, 10 किलो बासमती चावल, गेहूं-बाजरा, दाल के बोरे, आलू-टमाटर का क्रेट, 15 तरह के मसाले, बर्तन, कंबल और सर्दियों का अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा दो बड़े एलपीजी सिलेंडर, बर्नर और सूखी लकड़ियां भी मिलीं, जो लंबे समय तक ठहरने की तैयारी की ओर इशारा करती हैं।
इस अभियान में आतंकियों की ओर से किए गए ग्रेनेड हमले में एक पैराट्रूपर शहीद हुआ, जबकि सात जवान घायल हुए। गंभीर रूप से घायल एक कमांडो ने बाद में दम तोड़ दिया। सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी कड़ी कर दी है और ऊपरी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी है। तीसरे दिन भी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
यह ऑपरेशन 18 जनवरी 2026 से चतरू क्षेत्र के मन्द्राल-सिंहपुरा के पास चल रहा है। आतंकियों ने जंगल का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, पर उनका पूरा लॉजिस्टिक सपोर्ट सिस्टम सुरक्षा बलों के हाथ लग गया।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि ऑपरेशन त्राशी-1 जारी है और तलाशी का दायरा बढ़ाया गया है। खुफिया इनपुट के अनुसार घाटी में जैश-ए-मोहम्मद के 2–3 आतंकी समूह सक्रिय बताए जा रहे हैं। जम्मू जोन के पुलिस आईजी भीम सेन तुती और सीआरपीएफ के आईजी आर. गोपाल कृष्ण राव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
