■ पंजीकरण काउंटर दोपहर 3:30 बजे से खुले

● जम्मू
जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बर्फबारी ने जनजीवन और आस्था, दोनों पर असर डाला है। शुक्रवार को तेज बर्फबारी के चलते माता वैष्णो देवी की यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। श्राइन बोर्ड ने भवन में मौजूद श्रद्धालुओं से यात्रा शीघ्र पूरी कर सुरक्षित लौटने की अपील की जबकि कटरा से आगे की यात्रा बंद कर दी गई थी।
हालांकि, मौसम में आंशिक सुधार के बाद श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर आई। दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद माता वैष्णो देवी यात्रा के पंजीकरण काउंटर फिर से खोल दिए गए, जिसके बाद पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालु यात्रा पर रवाना हो सकेंगे।
इधर, जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भयंकर बर्फबारी दर्ज की गई है। श्रीनगर, बारामूला, रियासी, गुलमर्ग और पूंछ में सुबह से ही लगातार बर्फ गिरती रही। बारामूला में विशेष रूप से तेज बर्फबारी देखी गई जबकि मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
बर्फबारी ने जहां कुछ इलाकों में आवागमन और मूलभूत सुविधाओं को प्रभावित किया, वहीं स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों के चेहरों पर उम्मीद की चमक भी लौट आई। लोगों का कहना है कि बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ती है, जिससे उनकी आजीविका को सहारा मिलता है।
पर्यटक भी इस बदले मौसम से उत्साहित नजर आए। चारों ओर बिछी बर्फ की सफेद चादर को देख कई लोगों ने कहा कि कश्मीर मानो स्वर्ग बन गया है। बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचे सैलानियों के लिए यह दिन यादगार रहा, और वे घाटी की खूबसूरती में खोए दिखाई दिए।
