
● मुंबई
महाराष्ट्र में मंगलवार से उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (एचएससी) यानी 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इस वर्ष राज्यभर से 13 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में बैठ रहे हैं। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त रखने के लिए महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कड़े और बहुस्तरीय इंतजाम किए हैं।
राज्य बोर्ड के अनुसार, परीक्षाएं 3,387 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं, जहां कुल 61,484 कक्षाओं का उपयोग होगा। इनमें से 85 प्रतिशत से अधिक कक्षाएं सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं, जिससे परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी।
राज्य बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष नंदकुमार बेडसे ने बताया कि जिन केंद्रों पर सीसीटीवी सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां निगरानी को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों की अदला-बदली की व्यवस्था की गई है। इससे किसी भी तरह की मिलीभगत या लापरवाही की आशंका को रोका जा सकेगा।
इसके अलावा, बोर्ड ने पहले से नकल या अनियमितताओं के लिए बदनाम रहे परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। इन केंद्रों पर विशेष निरीक्षण दल तैनात किए गए हैं, जो पूरी परीक्षा अवधि में सख्त निगरानी बनाए रखेंगे।
बोर्ड ने परीक्षा केंद्र बने सभी स्कूलों को चेतावनी दी है कि नकल या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर संबंधित स्कूल और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा केंद्र की मान्यता रद्द करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
छात्रों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले समय पर केंद्रों पर पहुंचें। बोर्ड ने साफ किया है कि देरी से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों से परीक्षा नियमों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।
