
● ठाणे
ठाणे शहर ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। बारहवीं की परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रीन कॉरिडोर जैसी व्यवस्था तैयार की, जिससे दोनों विद्यार्थी कुछ ही मिनटों में करीब सात किलोमीटर की दूरी तय कर सके।
शनिवार दोपहर ढाई बजे बारहवीं कक्षा की भूगोल विषय की परीक्षा निर्धारित थी। छात्र सुजीत मिश्रा अपने एक मित्र के साथ अंबरनाथ से कल्याण स्थित परीक्षा केंद्र के लिए निकले थे, लेकिन उस समय लोकल ट्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों रास्ते में ही अटक गए। परीक्षा छूटने की आशंका से वे काफी परेशान हो गए।
मामले की जानकारी हेल्पलाइन के माध्यम से मिलते ही अंबरनाथ बीट मार्शल सलमान तडवी और उल्हासनगर बीट मार्शल विजय गायकवाड तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए एक-एक छात्र को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और तेज़ी से उन्हें कल्याण के जोशी बाग, पारनाका स्थित अचिव्हर्स पब्लिक हाईस्कूल के परीक्षा केंद्र तक पहुंचा दिया। पुलिस की इस तत्परता के कारण दोनों विद्यार्थी समय पर परीक्षा में शामिल हो सके।
गौरतलब है कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ठाणे ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। आवश्यकता पड़ने पर छात्र ट्रैफिक कंट्रोल के व्हाट्सऐप नंबर 7039003866 तथा हेल्पलाइन नंबर 8286300300 और 8286400400 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
