- 7-38-55 फॉर्मूला से बनाइए अपनी प्रभावी पहचान

आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल योग्यता ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि आप इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं, तो 7-38-55 फॉर्मूला आपके लिए एक सशक्त मार्गदर्शक सिद्ध हो सकता है। यह सिद्धांत न केवल आपकी प्रस्तुति को प्रभावी बनाता है, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी नई चमक देता है।
यह फॉर्मूला संचार मनोविज्ञान पर आधारित है, जिसे यूसीएलए के प्रसिद्ध मनोविज्ञान प्रोफेसर अल्बर्ट मेहराबियन ने अपनी पुस्तक ‘साइलेंट मैसेजेस’ में विस्तार से समझाया है। इसके अनुसार, किसी भी संवाद में आपके शब्द मात्र 7 प्रतिशत प्रभाव डालते हैं, जबकि 38 प्रतिशत प्रभाव आपकी आवाज़ के उतार-चढ़ाव, स्पष्टता और आत्मविश्वास का होता है। सबसे अधिक, यानी 55 प्रतिशत प्रभाव आपकी बॉडी लैंग्वेज चेहरे के भाव, हावभाव और हाव-भंगिमा का होता है।
इंटरव्यू के दौरान पहली छाप अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। आपकी मुस्कान, आंखों का संपर्क और सहज व्यवहार यह दर्शाते हैं कि आप आत्मविश्वासी और सजग हैं। एक हल्की मुस्कान और ध्यानपूर्वक सुनने का भाव इंटरव्यूअर पर सकारात्मक असर डालता है। इसलिए अपने व्यवहार में स्वाभाविकता और सकारात्मकता बनाए रखना आवश्यक है।
साथ ही, शब्दों का चयन भी सोच-समझकर करना चाहिए। स्पष्ट, सुसंगत और आत्मविश्वास से भरी आवाज़ आपके विचारों को प्रभावी बनाती है। आवाज़ में उचित उतार-चढ़ाव न केवल आपकी बात को रोचक बनाता है, बल्कि उसे यादगार भी करता है।
अंततः, 7-38-55 फॉर्मूला हमें यह सिखाता है कि सफलता केवल ज्ञान में नहीं, बल्कि उसकी प्रभावी अभिव्यक्ति में छिपी है। यदि आप इन तीनों तत्वों शब्द, स्वर और व्यक्तित्व का संतुलन बना लेते हैं तो इंटरव्यू में सफलता आपके कदम चूमेगी।
