
● मुंबई
अब उबर ऐप के माध्यम से भी मुंबई मेट्रो की लाइन 2ए और 7 के टिकट बुक किए जा सकेंगे। इस नई सुविधा के अंतर्गत यात्रियों को क्यूआर-कोड आधारित टिकट सीधे मोबाइल पर प्राप्त होंगे, जिससे लंबी कतारों से राहत मिलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस सुविधा के साथ मिलने वाली छूट को लेकर प्रश्न भी उठ रहे हैं।
बताया गया है कि यात्रियों को टिकट पर 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी, किंतु इसकी अधिकतम सीमा मात्र 10 रु. निर्धारित की गई है। ऐसे में विशेष छूट का दावा व्यवहारिक स्तर पर अत्यंत सीमित प्रतीत होता है।
यह सेवा ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स के माध्यम से आरंभ की गई है, जिससे विभिन्न डिजिटल मंचों को एक साथ जोड़ा जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल को ‘डिजिटल इंडिया’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है, किंतु आम यात्रियों को इसका वास्तविक लाभ कितना प्राप्त होगा, यह अभी विचारणीय विषय है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ‘मुंबईवन’ ऐप का शुभारंभ कर एमएमआरडीए तथा महा मुंबई मेट्रो ने डिजिटल टिकटिंग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया था। अब इस सूची में उबर को भी सम्मिलित कर दिया गया है।
पहले से ही ConfirmTkt, EaseMyTrip, Ixigo, RedBus, Navi UPI तथा WhatsApp जैसे अनेक मंचों पर यह सुविधा पूर्व से ही उपलब्ध है, जिससे यह प्रश्न उठता है कि नए मंचों के जुड़ने से वास्तविक परिवर्तन कितना आएगा।
