
● मुंबई
मुंबई में पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बृहनमुम्बई म्युनिसिपल कारपोरेशन ) ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में स्मार्ट पार्किंग सिस्टम लागू करने के लिए बी एम सी जल्द ही नया टेंडर फिर से जारी करने जा रही है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पी पी पी ) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी, जिसका उद्देश्य ऑन-स्ट्रीट और ऑफ-स्ट्रीट दोनों पार्किंग स्थलों को डिजिटल सिस्टम से जोड़ना है।
इससे पहले जारी किया गया टेंडर पर्याप्त कंपनियों की भागीदारी न मिलने के कारण रद्द करना पड़ा था। अब नई टेंडर प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं ताकि अधिक निजी कंपनियाँ इस प्रोजेक्ट में रुचि दिखाएँ और प्रतिस्पर्धा बढ़े।
इस प्रस्तावित स्मार्ट पार्किंग सिस्टम के तहत मुंबई में एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा, जिसमें वाहन चालक पार्किंग स्लॉट को पहले से या तुरंत बुक कर सकेंगे। साथ ही, रियल-टाइम डेटा के जरिए शहर में खाली पार्किंग स्थानों की जानकारी तुरंत उपलब्ध होगी।
इस योजना से मुंबई में ट्रैफिक जाम कम होने, समय की बचत होने और पार्किंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी व व्यवस्थित बनने की उम्मीद है। साथ ही, इस परियोजना से मनपा को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हो सकता है।
