
▪️ मुंबई
संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए 21 जून 2026 को बोरिवली (पश्चिम) के गोराई-1 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 115 निरंकारी भक्तों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर का आयोजन संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (एसएनसीएफ) द्वारा किया गया, जबकि रक्त संग्रहण की व्यवस्था संत निरंकारी ब्लड बैंक, विले पार्ले ने संभाली। स्थानीय मुखी जी की उपस्थिति में निराकार प्रभु की प्रार्थना के साथ शिविर का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मिशन के विभिन्न समन्वयक एवं सेवादल अधिकारी भी मौजूद रहे।
संत निरंकारी मिशन के अनुसार रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम है। मिशन की प्रमुख सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज निरंतर इस बात पर बल देती हैं कि मानव जीवन की सार्थकता दूसरों के कल्याण में निहित है। इसी प्रेरणा से निरंकारी भक्त नियमित रूप से सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सहभागी बनते हैं।
शिविर में विधायक संजय उपाध्याय और नगरसेवक शिवा शेट्टी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संत निरंकारी मिशन द्वारा मानवता के हित में किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना की और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
