▪️ शिंदे ने बताया ‘राजनीति का मास्टर ब्लास्टर’

- मुंबई
महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति पद पर शिवसेना के वरिष्ठ नेता सचिन अहिर का गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उनके निर्वाचन के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सदन में उनका अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव, संतुलित कार्यशैली और निष्पक्ष निर्णयों से सदन की गरिमा को और सुदृढ़ करेंगे।
शिंदे ने विपक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीदवार वापस लेकर उसने सदन की लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सचिन अहिर एक अनुभवी और सर्वस्वीकार्य जनप्रतिनिधि हैं, जिन्होंने राजनीति, समाजसेवा और संगठनात्मक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी तुलना क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से करते हुए शिंदे ने उन्हें राजनीति का ‘मास्टर ब्लास्टर’ बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उपसभापति का पद किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि पूरे सदन का होता है। इस पद पर आसीन व्यक्ति के लिए नियम, निष्पक्षता और संसदीय परंपराओं का पालन सर्वोपरि होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अहिर सभी सदस्यों के साथ समान व्यवहार करते हुए सदन के संचालन में संतुलित भूमिका निभाएंगे।
शिंदे ने पूर्व उपसभापति नीलम गोरहे के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संसदीय परंपराओं को मजबूती प्रदान की। उन्हें उम्मीद है कि सचिन अहिर भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कामगार आंदोलन में अहिर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाई है। शिंदे ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विधान परिषद की कार्यवाही गरिमा, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप संचालित होगी।
