- मुंबई। महाराष्ट्र में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। इंडिया मेटेरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आई एम डी ) ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटों का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 19 जुलाई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।

आई एम डी के मुताबिक रायगढ़, ठाणे, पालघर, पुणे घाट क्षेत्र, नाशिक घाट क्षेत्र और सतारा घाट क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मुंबई, पुणे, नागपुर, सांगली और लातूर जैसे शहरों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों से राज्य में बारिश की कमी देखी जा रही थी, जिससे जलस्रोतों और खेती पर असर पड़ रहा था। ऐसे में यह बारिश किसानों और जल आपूर्ति के लिए राहत लेकर आ सकती है।
येलो अलर्ट का मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि अचानक तेज बारिश, जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। खासकर घाट क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
