- पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार को सोमवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। 85 वर्षीय पवार को लगातार खांसी की शिकायत थी। इसके बाद सीने में दर्द होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि शरद पवार की नियमित और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

रूबी हॉल क्लिनिक के प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुरवेज के. ग्रांट के अनुसार, एहतियात के तौर पर पवार को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें प्ल्यूरिटिक पेन की शिकायत है। इस प्रकार का दर्द सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते शरद पवार के आगामी सभी निर्धारित दौरे और कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिए गए हैं।
