▪️मुंबई
महाराष्ट्र में बम धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। सातारा, बीड, ठाणे, चंद्रपुर और मुंबई के बाद अब ठाणे कोर्ट सहित नागपुर जिला एवं सत्र न्यायालय को भी धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें मुंबई के मेट्रो स्टेशनों और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को भेजे गए ईमेल में नागपुर न्यायालय को दोपहर 3:11 बजे और मुंबई के मेट्रो स्टेशनों को रात 9:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे होने की बात भी सामने आई है।
उधर, सातारा जिला एवं सत्र न्यायालय को धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल परिसर खाली करा लिया। बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की विश्वसनीयता की जांच की जा रही है।
