- साहित्य-संस्कृति का सजा मंच

▪️मुंबई
मुंबई के भवंस कल्चरल सेंटर में श्री बीरेंद्र शाह फाउंडेशन द्वारा आयोजित साहित्यिक-सांस्कृतिक समारोह में ‘विरासत’ पत्रिका के रामायण विशेषांक और कवयित्री रागिनी बीरेंद्र शाह के काव्य संग्रह ‘शब्द पुंज’ का गरिमामय लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और रामायण पर केंद्रित सारगर्भित विचारों के साथ काव्य और संगीत का भी सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रागिनी बीरेंद्र शाह ने की। शुभारंभ कवयित्री पल्लवी रानी और अन्नपूर्णा गुप्ता द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। विशिष्ट वक्ता डॉ. ख्याति पुरोहित तथा के. सी. कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार राय ने साहित्य और रामायण की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।

सारस्वत अतिथि पूज्य शिवांगी नंदगिरी ने अपने आशीर्वचन में भारतीय संस्कृति और साहित्य की महत्ता पर प्रकाश डाला। ‘विरासत’ पत्रिका का परिचय सह-संपादिका मधु चौधरी ने कराया। अभिनेता रवि यादव ने प्रभावशाली काव्यपाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश श्रीवास्तव, निदेशक, रामायण केंद्र, भोपाल ने रामायण के कम चर्चित प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. वर्षा महेश ने किया।
समारोह में रंगकर्मी विनीता यादव, लेखिका चित्रा देसाई, नीता वाजपेयी, रीमा सिंह, डॉ. रोशनी किरण, आर. के. पब्लिकेशन के राम कुमार त्रिपाठी, एसआईईएस कॉलेज के अंजनी कुमार द्विवेदी, पूर्व राजभाषा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। अंत में श्री बीरेंद्र शाह फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक आशीष शाह और प्रसून शाह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
