- एआई तकनीक से होगी पक्षियों की निगरानी
- 45 करोड़ रुपए मंजूर

▪️मुंबई
मुंबई के भांडुप में प्रस्तावित बर्ड पार्क परियोजना को अब नई गति मिलने जा रही है। मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एडवोकेट आशिष शेलार ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जिला नियोजन निधि से 45 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण, जैवविविधता के संवर्धन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रस्तावित बर्ड पार्क का निर्माण ठाणे खाड़ी स्थित फ्लेमिंगो अभयारण्य के समीप, भांडुप पंपिंग स्टेशन के पास लगभग 20.09 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जाएगा। प्राकृतिक परिवेश के बीच विकसित होने वाली यह परियोजना पक्षी प्रेमियों, पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
परियोजना के अंतर्गत 2.16 किलोमीटर लंबा मैंग्रोव नेचर ट्रेल, बर्ड वॉचिंग सेंटर, व्यूइंग डेक, वॉच टावर, बटरफ्लाई गार्डन, जेट्टी तथा नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस बर्ड पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित बर्ड डिटेक्शन और मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। एआई तकनीक के माध्यम से पक्षियों की रियल-टाइम पहचान, गतिविधियों की निगरानी, डेटा संग्रह और विश्लेषण किया जा सकेगा। इसके साथ ही यह देश का पहला बर्ड पार्क होगा, जहां इस तरह की अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल मुंबई की जैवविविधता के संरक्षण को नई मजबूती देगी, बल्कि पर्यावरण शिक्षा, प्रकृति पर्यटन और इको-टूरिज्म को भी नई दिशा प्रदान करेगी। इससे मुंबई को एक नई पर्यावरणीय और पर्यटन पहचान मिलने की उम्मीद है।
