
▪️मुंबई
महाराष्ट्र सरकार की ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण’ योजना के तहत जुलाई माह की किस्त का लाखों महिलाओं को इंतजार है। योजना के अंतर्गत हर महीने 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता पाने वाली लाभार्थियों के बैंक खातों में इस बार अब तक राशि नहीं पहुंची है, जिससे महिलाओं के बीच भुगतान को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, जुलाई की किस्त 15 अगस्त तक लाभार्थियों के खातों में जमा की जा सकती है। हालांकि, राज्य सरकार ने अभी तक किस्त जारी करने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा या आदेश जारी नहीं किया है। इससे पहले जून महीने की किस्त 15 जुलाई को लाभार्थियों के खातों में भेजी गई थी।
सामान्यतः सरकार हर माह की 10 तारीख के आसपास योजना की राशि जारी करने का प्रयास करती है, लेकिन इस बार भुगतान में देरी हुई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अगस्त के मध्य तक महिलाओं को जुलाई की किस्त मिल सकती है।
सरकार ने लाभार्थियों से अपील की है कि जब तक आधिकारिक सूचना जारी न हो, तब तक किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। योजना से संबंधित नई घोषणा के बाद ही किस्त जारी होने की अंतिम तिथि स्पष्ट हो सकेगी।
