▪️ हृदयनाथ मंगेशकर, रानी मुखर्जी और सलीम खान होंगे सम्मानित
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग ने वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित राज्य फिल्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों को उनके दीर्घकालीन और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

‘चित्रपति वी. शांताराम जीवनगौरव पुरस्कार’ सुप्रसिद्ध संगीतकार पंडित हृदयनाथ मंगेशकर को प्रदान किया जाएगा, जबकि ‘स्व. राज कपूर जीवनगौरव पुरस्कार’ हिंदी सिनेमा के प्रख्यात लेखक सलीम खान को देने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा अभिनेता-निर्देशक प्रसाद ओक को ‘चित्रपति वी. शांताराम विशेष योगदान पुरस्कार’ तथा अभिनेत्री रानी मुखर्जी को ‘स्व. राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने पुरस्कारों की घोषणा की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्य विभाग ने संबंधित शासन परिपत्र भी जारी कर दिया।
ये पुरस्कार उन कलाकारों को दिए जाते हैं जिन्होंने अभिनय, संगीत, लेखन, निर्माण और निर्देशन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए मराठी और हिंदी सिनेमा को समृद्ध बनाया है तथा भारतीय फिल्म जगत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राज्य के सांस्कृतिक कार्य सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी तथा महाराष्ट्र फिल्म, रंगभूमि व सांस्कृतिक विकास महामंडल की प्रबंध निदेशक स्वाति म्हसे पाटील ने सभी सम्मानित हस्तियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
