▪️ बहू की सेवा और श्रद्धा ने जीता लोगों का दिल
- हरिद्वार। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया। दिल्ली निवासी हरियाणवी गायिका काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय सास चंद्री देवी को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक करीब 250 किलोमीटर की यात्रा कर रही हैं। उनकी अनोखी कांवड़ में एक ओर गंगाजल है, जबकि दूसरी ओर उनकी वृद्ध सास विराजमान हैं।

काजल चौधरी का कहना है कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उनका मानना है कि जीवन में जितना सम्मान भगवान की भक्ति का है, उतना ही महत्व माता-पिता और सास-ससुर की सेवा का भी है। इसी संदेश को लेकर उन्होंने यह कठिन यात्रा शुरू की है।
यह पहली बार नहीं है जब काजल ने ऐसा किया है। इससे पहले भी वह ब्रज की 84 कोस परिक्रमा के दौरान अपनी सास को अपने साथ लेकर चली थीं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। इस बार भी उनकी सेवा भावना लोगों की खूब सराहना बटोर रही है।
बताया जा रहा है कि यात्रा में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी साथ चल रहे हैं। काजल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि उनकी सास उनसे मिलना चाहती हैं और उन्हें आशीर्वादस्वरूप एक भेंट देना चाहती हैं।
