● सरकार ने टास्क फोर्स का गठन किया

मुंबई।
मुंबई लोकल ट्रेनों में भीड़ के कारण हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने निजी कार्यालयों के समय में बदलाव की संभावना पर विचार करने के लिए एक टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने विधानसभा में दी।
यह फैसला 9 जून को मुंब्रा और दिवा स्टेशनों के बीच 5 यात्रियों की गिरकर हुई मौत के बाद लिया गया। मंत्री ने बताया कि टास्क फोर्स में राज्य सरकार, रेलवे और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उद्देश्य है पीक आवर्स में ट्रेनों पर भार कम करना।
सरनाईक ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में मुंबई लोकल में 7,565 लोगों की मौत और 7,293 घायल हुए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि भीड़ कम करने के पहले के प्रयास सफल नहीं रहे। सरकार को उम्मीद थी कि मेट्रो सेवाएं भीड़ कम करेंगी लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। MMR की बढ़ती जनसंख्या भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
सरनाईक ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से चर्चा के दौरान लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजे लगाने और अन्य वैकल्पिक परिवहन उपायों पर भी विचार हो रहा है।
स्रोत: टाइम्स ऑफ इंडिया, इकोनॉमिक टाइम्स