
▪️मुंबई। महाराष्ट्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक सार्वजनिक गणेशोत्सव को अब वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र के गणेशोत्सव को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने गणेशोत्सव को पहले ही ‘राज्य महोत्सव’ का दर्जा दिया है।
बांद्रा पश्चिम के रेक्लेमेशन में ‘बाप्पा डॉट ऑर्ग’ और महाराष्ट्र गणेश उत्सव राज्य महोत्सव के आधिकारिक प्रतीक चिह्न का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में अभिनेता रितेश देशमुख, नेहा पेंडसे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
शेलार ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सामाजिक चेतना, लोकपरंपरा और राष्ट्रीय भावना का सशक्त प्रतीक है।
‘बाप्पा डॉट ऑर्ग’ के माध्यम से देश-विदेश के सार्वजनिक और घरेलू गणपति उत्सवों की जानकारी एक मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विश्वभर के श्रद्धालुओं को महाराष्ट्र की समृद्ध गणेशोत्सव परंपरा से जोड़ने का प्रयास होगा। इस अवसर पर जे.जे. कला विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित 12 फुट ऊंचे भव्य मोदक चित्ररथ का भी शुभारंभ किया गया।
