▪️18, 19, 20 और 25 सितंबर को लागू होंगे विशेष प्रतिबंध, कई हिस्सों में पार्किंग भी रहेगी बंद

- मुंबई। गणेश विसर्जन के दौरान मुंबई की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुंबई यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) पर विसर्जन के महत्वपूर्ण दिनों में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता खुला रखना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को पांचवें दिन का विसर्जन, 19 सितंबर को गौरी गणपति, 20 सितंबर को सातवें दिन का विसर्जन और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के मद्देनजर ये प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
18 सितंबर शाम 4 बजे से 19 सितंबर सुबह 5 बजे तक तथा 19 सितंबर शाम 4 बजे से 20 सितंबर सुबह 5 बजे तक जेवीएलआर के दोनों दिशाओं में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं, अनंत चतुर्दशी के दिन 25 सितंबर सुबह 10 बजे से 26 सितंबर दोपहर 12 बजे तक भी जेवीएलआर पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसके साथ ही एलएंडटी फ्लाईओवर से आईआईटी मार्केट गेट तक दोनों दिशाओं में वाहनों की पार्किंग पर भी रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से बचें, निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
