▪️टाटा, महिंद्रा, गोदरेज सहित 2,500 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल

- मुंबई। महाराष्ट्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 29 सितंबर को राज्यभर में एक हजार रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविक्रमी रोजगार महाकुंभ’ के अंतर्गत होने वाले इन मेलों में 2,500 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है।
अब तक 1,588 कंपनियां इस अभियान के लिए पंजीकरण करा चुकी हैं। इनके माध्यम से 71,939 रोजगार अवसर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, गोदरेज, एलआईसी, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, बॉश, एशियन पेंट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और सीएट जैसी प्रमुख कंपनियां इसमें भाग लेंगी।
रोजगार मेले में बारहवीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। तकनीशियन, मशीन संचालक, फिटर, बिजली मिस्त्री और मैकेनिक सहित अनेक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं के कौशल और उद्योगों की आवश्यकता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। 29 सितंबर तक पंजीकृत कंपनियों की संख्या 2,500 से अधिक होने की संभावना है।
