- 8 लंबी दूरी की ट्रेनें दादर-ठाणे तक सीमित

▪️मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के पुनर्विकास कार्य के चलते मुंबई के रेल यात्रियों के लिए 1 अक्टूबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सेंट्रल रेलवे 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक 75 दिनों के लिए CSMT पर ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लागू करेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 तथा स्टेबलिंग लाइन-15 पर ट्रेन संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
यह मेगा ब्लॉक CSMT के ₹2,450 करोड़ के पुनर्विकास प्रोजेक्ट के पहले चरण का हिस्सा है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) की ओर से इस अवधि में प्लेटफॉर्म क्षेत्र में भारी निर्माण कार्य, नींव की पाइलिंग, नए यात्री सुविधाओं का निर्माण, ट्रैक आधुनिकीकरण और ओवरहेड केबल व सिग्नल वायर सहित अन्य उपयोगिता लाइनों को स्थानांतरित किया जाएगा।
- कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का बदलेगा अंतिम पड़ाव
ब्लॉक के कारण आठ लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को CSMT तक नहीं चलाया जाएगा। 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा एक्सप्रेस, 12112 अमरावती एक्सप्रेस, 11020 कोणार्क एक्सप्रेस, 22120 तेजस एक्सप्रेस, 22144 बीदर एक्सप्रेस और 22108 लातूर एक्सप्रेस दादर में शॉर्ट-टर्मिनेट होंगी। 12134 मंगलुरु एक्सप्रेस ठाणे तक ही जाएगी।
लोकल ट्रेनों का सीधा संचालन बंद नहीं होगा, लेकिन दादर और ठाणे पर लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों का दबाव बढ़ने से अतिरिक्त भीड़ की स्थिति बन सकती है। यात्रियों को CSMT की बजाय दादर या ठाणे से आगे की यात्रा की वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
