▪️ कृत्रिम तालाबों में 97.27 प्रतिशत गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

- मुंबई। पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव मनाने के लिए मुंबई महानगरपालिका के आह्वान को इस वर्ष गणेशभक्तों का उत्स्फूर्त समर्थन मिला। मुंबई में कुल 1 लाख 97 हजार 382 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें से 1 लाख 92 हजार 237 यानी 97.27 प्रतिशत प्रतिमाओं का विसर्जन 383 कृत्रिम तालाबों में किया गया। इनमें 1 लाख 22 हजार 391 पीओपी और 69 हजार 846 शाडू मिट्टी की प्रतिमाएं शामिल थीं।
छह फुट से अधिक ऊंचाई वाली 5 हजार 382 प्रतिमाओं का विसर्जन 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों पर किया गया। इनमें 5 हजार 259 पीओपी और 123 शाडू मिट्टी की प्रतिमाएं थीं।
प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए मनपा ने घरों के पास खुले भूखंडों, उद्यानों और मैदानों में कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की थी। प्रशासन का दावा है कि जनजागरूकता के कारण चौपाटियों पर विसर्जन के लिए होने वाली भीड़ भी कम हुई।
पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं को बढ़ावा देने के लिए मनपा ने मूर्तिकारों को 940 मीट्रिक टन से अधिक शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरण अनुकूल रंग नि:शुल्क उपलब्ध कराया। विसर्जन व्यवस्था के लिए 25 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी।
