
▪️मुंबई
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इनमें औरंगाबाद, पुणे और नागपुर के तीन स्नातक तथा अमरावती और पुणे के दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा। चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पांच सीटों के लिए कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के लिए 2,419 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 लाख 68 हजार 72 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न होगी।
पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 47 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। औरंगाबाद में 41, नागपुर में 38, अमरावती शिक्षक क्षेत्र में 26 और पुणे शिक्षक क्षेत्र में 30 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मतदाताओं की संख्या के मामले में पुणे स्नातक क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 3,88,019 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 35,810 मतदाता हैं। इन पांचों सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए चुनाव तंत्र तैयार है।
