
▪️मुंबई
दशहरे के अगले दिन मुंबई में वायु प्रदूषण बढ़ने से चिंता बढ़ गई। अमेरिकी वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था आईक्यूएयर के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को मुंबई 165 एक्यूआई के साथ दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में चौथे स्थान पर रही। इस दौरान मुंबई देश का सबसे प्रदूषित शहर भी दर्ज किया गया।
वैश्विक सूची में कांगो की राजधानी किंशासा 201 एक्यूआई के साथ पहले, पाकिस्तान का लाहौर 190 के साथ दूसरे और मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर 180 के साथ तीसरे स्थान पर रही। मुंबई का एक्यूआई दिल्ली के 164 से भी अधिक था।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई की हवा में पीएम 2.5 सूक्ष्म कण प्रमुख प्रदूषकों में शामिल हैं। ये कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंचकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बुधवार दोपहर मुंबई का एक्यूआई 113 दर्ज किया। आंकड़ों में अंतर की वजह निगरानी और मापन की अलग-अलग पद्धतियां बताई गईं।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की वापसी के बाद शुष्क मौसम और हवा की कम गति से प्रदूषण बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और बिगड़ने की आशंका है।
