- मुंबई। विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की जांच में तीनों को दोषी पाया गया है। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए विभाग के संयुक्त आयुक्त को सौंप दी है। अब तीनों अभिनेताओं पर जुर्माना लगाने की तैयारी है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 53 के तहत प्रत्येक अभिनेता पर अधिकतम 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इस संबंध में अंतिम निर्णय एफडीए के संयुक्त आयुक्त स्तर पर लिया जाएगा।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बताया कि तीनों अभिनेताओं को जारी नोटिस के जवाब विभाग को मिल चुके हैं। उनके जवाबों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद रिपोर्ट संयुक्त आयुक्त को भेजी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अजय देवगन ने एफडीए के नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि एफडीए ने 11 अगस्त को विमल इलायची के विज्ञापन में काम करने वाले तीनों अभिनेताओं को नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा था। अब जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
