▪️जबरन वसूली और धर्मांतरण के दबाव पर हेमांगी सखी ने मांगी एसआईटी जांच

- मुंबई। वैष्णव किन्नर अखाड़े की प्रमुख जगतगुरु हेमांगी सखी ने किन्नर समाज में व्याप्त समस्याओं, जबरन वसूली, मारपीट और कथित धर्मांतरण के दबाव पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से इन मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की।

मुंबई यात्रा के दौरान पत्रकारों को उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की उम्र से ही वह धर्म के मार्ग पर चल रही हैं। वृंदावन में शास्त्रों का अध्ययन करने के साथ भागवत कथा और सत्संग के माध्यम से समाज को जागरूक कर रही हैं। भोपाल में आयोजित किन्नर सम्मेलन में संतों और करीब 500 किन्नर साधु-संतों की उपस्थिति में उन्हें संन्यास दंड प्रदान किया गया और प्रथम किन्नर शंकराचार्य घोषित किया गया।

हेमांगी सखी ने आरोप लगाया कि किन्नर समाज के कुछ गुट बधाई के नाम पर जबरन वसूली और मारपीट कर रहे हैं। नासिक और पुणे की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने फर्जी किन्नरों की पहचान तथा कथित अवैध गतिविधियों की जांच की मांग की।

- ‘शंकराचार्य गुरुकुलम’ शुरू करने की योजना
उन्होंने ‘शंकराचार्य गुरुकुलम’ शुरू करने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें महिला, पुरुष और तृतीय लिंग के लोगों को प्रवेश मिलेगा। गुरुकुल में गीता, भागवत, संगीत शास्त्र के साथ आधुनिक शिक्षा भी दी जाएगी, ताकि सभी आत्मनिर्भर बन सकें।

- कुंभ में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी
आगामी नासिक सिंहस्थ कुंभ में श्रद्धालुओं को धोखाधड़ी से बचाने के लिए किन्नर अखाड़ों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और टोल फ्री नंबर जारी करने की योजना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकृत अखाड़ों में पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लेने की अपील की।

