- 2027 वनडे विश्व कप के महामुकाबले ने तोड़े लोकप्रियता के रिकॉर्ड, टिकटों के लिए आईसीसी को मिली आवेदनों की बाढ़

◾मुंबई
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का रोमांच एक बार फिर दुनिया भर में सिर चढ़कर बोल रहा है। वर्ष 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में दोनों देशों की भिड़ंत देखने के लिए प्रशंसकों में ऐसी होड़ मची है कि टिकटों की उपलब्धता के मुकाबले आवेदकों की संख्या कई गुना अधिक पहुंच गई है। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए करीब 84 लाख लोगों ने टिकट पाने की इच्छा जताई है, जबकि स्टेडियम में लगभग 34 हजार दर्शकों के बैठने की ही व्यवस्था है।
भारत और पाकिस्तान का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को खेला जाएगा। टिकटों के लिए आईसीसी को 83 लाख 97 हजार 294 आवेदन मिले हैं। लोकप्रियता के मामले में विश्व कप फाइनल भी पीछे नहीं है। 21 नवंबर को होने वाले फाइनल के लिए करीब 79 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस विश्व कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। टिकटों के लिए अब तक 12 करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त होने की जानकारी सामने आई है।
टिकटों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। मांग उपलब्ध सीटों से अधिक होने पर कंप्यूटर आधारित रैंडम प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आवेदन करने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है।
