- मुंबई। छठ पूजा 2026 के मद्देनजर जुहू चौपाटी पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मुंबई यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर को सुबह 11 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और पार्किंग पर रोक रहेगी।

पश्चिमी उपनगर यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त अजित बोऱ्हाडे ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। जुहू तारा रोड, ए.बी. नायर रोड, बिरला लेन, वी.एम. रोड और जुहू चर्च रोड के दोनों ओर पुलिस तथा अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
लिंक रोड से जुहू तारा रोड जाने वाले वाहन सांताक्रूज पुलिस थाना जंक्शन से मुड़कर एस.वी. रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। एन.एस. रोड नंबर 13, जुहू चर्च रोड और अल्फ्रेडो क्रियोडो रोड भी वैकल्पिक मार्ग रहेंगे।
जुहू तारा रोड पर पुलिस थाना जंक्शन और ट्यूलिप स्टार होटल जंक्शन से चौपाटी तक जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। छठ पूजा से जुड़े वाहनों को छूट रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
