- मुंबई। मुंबई में आगामी गर्मियों के दौरान जलसंकट गहराने की आशंका बढ़ गई है। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सातों झीलों का जलस्तर पिछले आठ वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। कम जल भंडार और अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, 3 नवंबर को सातों झीलों में कुल जल भंडार 84.35 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 95.67 प्रतिशत था। वर्ष 2018 के बाद यह सबसे कम स्तर है।
अक्टूबर में बढ़ती गर्मी, कम बारिश और शुष्क हवाओं के कारण झीलों से पानी का वाष्पीकरण तेजी से हुआ। तानसा, मोडक सागर और मध्य वैतरणा में वाष्पीकरण पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना रहा।
बीएमसी के अनुसार, फिलहाल 10 प्रतिशत पानी कटौती जारी रहेगी। मुंबई को प्रतिदिन करीब 4,100 मिलियन लीटर पानी की जरूरत होती है। जलसंकट से निपटने के लिए मध्य वैतरणा बांध में 100 मेगावाट का तैरता सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की योजना भी बनाई गई है।
