- कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों को आर्थिक मदद, प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

- मुंबई । पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय घनश्याम राजनारायण दुबे की 75वीं जयंती पर अंधेरी पश्चिम स्थित श्रीकृष्णा कॉम्प्लेक्स में उनकी स्मृति और सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘GRD10 – A Legacy of Inspiration’ संस्था का शुभारंभ किया गया। भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर संस्था की शुरुआत की। इस पहल की परिकल्पना उनकी पुत्री एवं आर्यन हॉस्पिटल एंड मेडिकल सेंटर की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनीता दुबे ने की है।
कार्यक्रम में असम के राज्यपाल आचार्य लक्ष्मण प्रसाद ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए और शुभकामनाएं दीं। उद्योगपति निरंजन हीरानंदानी सहित फिल्म जगत, सामाजिक, शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों की हस्तियों ने भी अपनी शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।
GRD10 के माध्यम से प्रतिवर्ष प्रतिभाशाली व्यक्तियों और जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वालों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पारंपरिक कुश्ती और अखाड़ा संस्कृति, खेल, चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पत्रकारिता तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को इसमें प्राथमिकता मिलेगी। महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और राष्ट्र निर्माण संबंधी योगदान को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में आर्यन दुबे ने अगले वर्ष दिए जाने वाले पांच पुरस्कारों की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं, डॉ. सुनीता दुबे ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए कैंसर पीड़ितों और स्कूली विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
उन्होंने बोरिवली में स्वर्गीय घनश्याम दुबे के नाम पर कुश्ती अकादमी स्थापित करने के साथ सड़क और विद्यालय निर्माण से जुड़ी विकास परियोजनाओं का प्रस्ताव भी रखा। विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि इन प्रस्तावों पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और जल्द सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।
स्वर्गीय घनश्याम दुबे शिवसेना की ओर से विधान परिषद सदस्य रहे थे। उन्होंने उत्तर भारतीय समाज को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कार्यक्रम में पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, डॉ. राधेश्याम तिवारी, धर्मराज दुबे, वरिष्ठ पत्रकार बृजमोहन पांडे, बी.एन. तिवारी, अशोक दुबे, प्रसिद्ध शायर डॉ. सागर त्रिपाठी, विनोद पाठक, डॉ. नीरज दुबे, अवनीश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार हरिगोविंद विश्वकर्मा और राजकिशोर तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आरजे जैन ने किया और आभार अनिल गलगली ने व्यक्त किया।
