- ठाणे। संभावित सूखे की आशंका को देखते हुए ठाणे महानगरपालिका (मनपा) ने शहर की जलापूर्ति में 10 प्रतिशत कटौती करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 9 बजे से मंगलवार, 17 नवंबर को सुबह 9 बजे तक ठाणे के कई प्रमुख इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।

इस शटडाउन का असर घोड़बंदर रोड, लोकमान्य नगर, वर्तकनगर, साकेत, ऋतुपार्क, जेल, गांधीनगर, रुस्तमजी, सिद्धांचल, इंदिरानगर, रूपादेवी, श्रीनगर, समतानगर, सिद्धेश्वर, इटर्निटी, जॉन्सन, मुंब्रा और कलवा के विभिन्न इलाकों में पड़ेगा। इन क्षेत्रों में लगातार 24 घंटे पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।
विशेष बात यह है कि पानी की कटौती केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। मनपा प्रशासन ने प्रत्येक सोमवार सुबह 9 बजे से मंगलवार सुबह 9 बजे तक 24 घंटे का शटडाउन लागू रखने का निर्णय लिया है।
मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शटडाउन से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें। साथ ही, कटौती की अवधि में पानी का उपयोग बेहद सावधानी और जरूरत के अनुसार करें।
