- सूर्यकांत उपाध्याय

अमन मेहनती युवक था। उसके सपने बड़े थे, लेकिन लगातार मिल रही असफलताओं ने उसका आत्मविश्वास कमजोर कर दिया था। कभी नौकरी का अवसर हाथ से निकल जाता, कभी प्रतियोगिता में हार मिलती तो कभी आर्थिक तंगी के कारण व्यापार शुरू करने की योजना अधूरी रह जाती। धीरे-धीरे वह मानने लगा कि शायद उसकी किस्मत ही खराब है।
एक दिन निराश होकर वह अपने पुराने गुरु के पास पहुंचा और बोला, ‘गुरुजी, मैं मेहनत करता हूं, कोशिश करता हूं, फिर भी सफलता नहीं मिलती। लगता है मेरी किस्मत में कुछ अच्छा लिखा ही नहीं है।’
गुरुजी मुस्कुराए और बोले, ‘कल सुबह आना, तुम्हें तुम्हारी किस्मत का पता बताऊंगा।’
अगले दिन गुरुजी उसे एक बड़े दर्पण के सामने ले गए और बोले, ‘इसमें ध्यान से देखो। तुम्हें वह व्यक्ति दिखाई देगा, जो तुम्हारी जिंदगी बदल सकता है।’
अमन ने दर्पण में अपना चेहरा देखा। गुरुजी ने समझाया, ‘तुम्हारी किस्मत बदलने के लिए कोई दूसरा व्यक्ति नहीं आएगा। मैं तुम्हें रास्ता दिखा सकता हूं, गलतियां बता सकता हूं और हौसला बढ़ा सकता हूं, लेकिन मेहनत तुम्हें ही करनी होगी। निर्णय तुम्हें लेना होगा और असफलता के बाद दोबारा उठना भी तुम्हें ही होगा।’
गुरुजी की बात अमन के मन में उतर गई। उसने समझ लिया कि जब तक वह अपनी असफलताओं का दोष किस्मत को देता रहेगा, तब तक अपनी वास्तविक शक्ति को पहचान नहीं पाएगा।
अगले दिन से उसने अपनी सोच बदल दी। अब असफलता मिलने पर वह किस्मत को कोसने के बजाय अपनी गलतियां खोजता और उन्हें सुधारने का प्रयास करता। वह लगातार सीखने लगा और अवसरों की प्रतीक्षा करने के बजाय उन्हें तलाशने लगा।
कुछ महीनों बाद उसे अच्छी नौकरी मिल गई। लोगों ने कहा, ‘लगता है इस बार तुम्हारी किस्मत बदल गई।’ अमन मुस्कुराकर बोला, ‘किस्मत तो शायद पहले भी वही थी, बस मैंने खुद को बदलना शुरू कर दिया।’
- सीख : जीवन में गुरु, माता-पिता, मित्र और शुभचिंतक हमारा मार्गदर्शन कर सकते हैं, लेकिन जीवन की यात्रा हमें स्वयं तय करनी होती है।
